Class 8 SST Chapter 4 ncert Solution - भारत में औपनिवेशिक काल

Q & A —  6th   7th   8th   9th   10th

प्रश्न और क्रियाकलाप (NCERT Based Questions)

प्रश्न 1. उपनिवेशवाद क्या है? इस अध्याय या अपनी जानकारी के आधार पर तीन विभिन्न परिभाषाएँ दीजिए।

उत्तर:

  1. जब कोई शक्तिशाली देश किसी दूसरे देश पर शासन स्थापित करके उसके संसाधनों का अपने लाभ के लिए उपयोग करता है, तो उसे उपनिवेशवाद कहते हैं।
  2. जब एक देश दूसरे देश की राजनीति, अर्थव्यवस्था और समाज पर नियंत्रण स्थापित कर लेता है, तो उसे उपनिवेशवाद कहते हैं।
  3. किसी क्षेत्र पर अधिकार करके वहाँ अपनी सत्ता, कानून और संस्कृति लागू करना उपनिवेशवाद कहलाता है।

प्रश्न 2. उपनिवेशवादी शासक प्रायः यह दावा करते थे कि उनका उद्देश्य शासित लोगों को ‘सभ्य’ बनाना था। इस अध्याय में प्राप्त प्रमाणों के आधार पर बताइए कि क्या भारत के संदर्भ में यह सत्य था? क्यों या क्यों नहीं?

उत्तर: भारत के संदर्भ में यह दावा पूरी तरह सत्य नहीं था। ब्रिटिश शासन का मुख्य उद्देश्य भारत की संपत्ति और संसाधनों का उपयोग अपने लाभ के लिए करना था। उन्होंने भारी कर लगाए, भारतीय उद्योगों को नुकसान पहुँचाया और भारत से धन ब्रिटेन भेजा। इसलिए उनका उद्देश्य भारतीयों का कल्याण नहीं बल्कि अपना लाभ था।

प्रश्न 3. भारत को उपनिवेश बनाने की ब्रिटिश नीति पूर्ववर्ती यूरोपीय शक्तियों जैसे पुर्तगाली या फ्रांसीसी से किस प्रकार भिन्न थी?

उत्तर: पुर्तगाली और फ्रांसीसी मुख्य रूप से व्यापार तक सीमित रहे, जबकि ब्रिटिशों ने भारत की राजनीति में हस्तक्षेप करके धीरे-धीरे पूरे देश पर अपना शासन स्थापित कर लिया। उन्होंने सहायक संधि, हड़प नीति और 'फूट डालो और राज करो' जैसी नीतियों का उपयोग किया।

प्रश्न 4. “भारतीयों ने अपने ही दमन का खर्च उठाया” रेलवे एवं टेलीग्राफ जैसी ब्रिटिश आधारभूत संरचना परियोजनाओं के संदर्भ में इस कथन का क्या तात्पर्य है?

उत्तर: रेलवे और टेलीग्राफ जैसी परियोजनाओं का खर्च भारतीयों से वसूले गए करों से पूरा किया गया। इनका उपयोग मुख्य रूप से ब्रिटिश शासन को मजबूत करने, सेना के आवागमन और भारत के संसाधनों को बाहर भेजने के लिए किया गया। इसलिए भारतीयों ने ही अपने शोषण की व्यवस्था का खर्च उठाया।

प्रश्न 5. ‘फूट डालो और राज करो’ वाक्यांश का क्या अर्थ है? भारत में ब्रिटिश शासन द्वारा इसे किस प्रकार प्रयोग में लाया गया, उदाहरण सहित स्पष्ट कीजिए।

उत्तर: 'फूट डालो और राज करो' का अर्थ है लोगों के बीच मतभेद पैदा करके उन पर शासन करना। ब्रिटिशों ने भारतीय राजाओं, राज्यों, जातियों और धार्मिक समुदायों के बीच मतभेद बढ़ाकर अपनी सत्ता मजबूत की। उदाहरण के लिए, उन्होंने कई भारतीय शासकों के आपसी विवादों का लाभ उठाकर अपने अधिकार का विस्तार किया।

प्रश्न 6. भारतीय जीवन के किसी एक क्षेत्र को चुनिए, जैसे— कृषि, शिक्षा, व्यापार या ग्रामीण जीवन। उपनिवेशवादी शासन ने उसे किस प्रकार प्रभावित किया? क्या आज भी उन परिवर्तनों के कुछ चिह्न दृष्टिगोचर होते हैं? अपने विचारों को एक लघु निबंध, कविता या चित्र के रूप में व्यक्त कीजिए।

उत्तर: (लघु निबंध — शिक्षा) –

ब्रिटिश शासन ने भारत की शिक्षा व्यवस्था में बड़े बदलाव किए। अंग्रेजी भाषा और पश्चिमी शिक्षा को बढ़ावा दिया गया। इससे आधुनिक शिक्षा का विकास हुआ, लेकिन पारंपरिक पाठशालाएँ और गुरुकुल कमजोर हो गए। आज भी अंग्रेजी भाषा का महत्व और आधुनिक विद्यालय प्रणाली उसी प्रभाव का परिणाम है।

प्रश्न 7. कल्पना कीजिए कि आप 1857 में एक संवाददाता हैं। रानी लक्ष्मीबाई द्वारा झाँसी में किए गए प्रतिरोध पर एक संक्षिप्त समाचार विवरण लिखिए। यह भी दर्शाइए कि यह विद्रोह किस प्रकार आरंभ हुआ, फैला और समाप्त हुआ— मुख्य घटनाओं एवं नेताओं को रेखांकित करते हुए एक समय-रेखा या चित्रपट बनाइए।

उत्तर:

समाचार विवरण

झाँसी, 1858

झाँसी की रानी लक्ष्मीबाई ने अंग्रेजों के विरुद्ध वीरतापूर्वक संघर्ष किया। अंग्रेजों ने हड़प नीति के आधार पर झाँसी पर अधिकार करने का प्रयास किया, जिसका रानी ने विरोध किया। उन्होंने अपनी सेना का नेतृत्व करते हुए झाँसी की रक्षा की। बाद में वे ग्वालियर पहुँचीं और वहाँ भी अंग्रेजों से युद्ध किया। युद्ध करते हुए उन्होंने वीरगति प्राप्त की। उनका साहस आज भी प्रेरणा का स्रोत है।

समय-रेखा

  • 10 मई 1857 — मेरठ में विद्रोह आरंभ हुआ।
  • मई 1857 — विद्रोह दिल्ली पहुँचा।
  • 1857 — कानपुर में नाना साहेब ने नेतृत्व किया।
  • 1857–58 — झाँसी में रानी लक्ष्मीबाई ने संघर्ष किया।
  • 1858 — ग्वालियर में युद्ध के दौरान रानी लक्ष्मीबाई वीरगति को प्राप्त हुईं।
  • 1858 — अंग्रेजों ने विद्रोह को दबा दिया।

प्रश्न 8. कल्पना कीजिए यदि भारत कभी भी यूरोपीय शक्तियों का उपनिवेश नहीं बना होता, तब यह किस प्रकार अपने पथ पर विकसित हुआ होता? इस विषय पर लगभग 300 शब्दों की एक लघु कथा लिखिए।

उत्तर: यदि भारत कभी भी किसी यूरोपीय शक्ति का उपनिवेश नहीं बना होता तो भारत के विभिन्न राज्य आपसी सहयोग और व्यापार के माध्यम से आगे बढ़ते। यहाँ के कारीगर, बुनकर और व्यापारी अपने उद्योगों को और अधिक विकसित करते। भारतीय शिक्षा प्रणाली, गुरुकुल और अन्य शिक्षण संस्थाएँ आधुनिक रूप लेकर आगे बढ़तीं।

भारत के वैज्ञानिक, गणितज्ञ और विद्वान नई खोजों में योगदान देते। देश के बंदरगाहों से विश्व के अनेक देशों के साथ व्यापार होता। कृषि, उद्योग और हस्तशिल्प का संतुलित विकास होता। भारतीय भाषाएँ, कला और संस्कृति और अधिक समृद्ध होतीं।

समय के साथ भारत आधुनिक विज्ञान और तकनीक को अपनाता, लेकिन अपनी परंपराओं को भी सुरक्षित रखता। इस प्रकार भारत अपनी विशेष पहचान बनाए रखते हुए एक शक्तिशाली और समृद्ध राष्ट्र के रूप में विकसित होता।

प्रश्न 9. भूमिका-अभिनय (रोल-प्ले)— एक ऐतिहासिक संवाद का मंचन कीजिए जिसमें एक ब्रिटिश अधिकारी एवं एक भारतीय व्यक्तित्व जैसे दादाभाई नौरोजी के मध्य ब्रिटिश उपनिवेशवाद पर चर्चा हो रही हो।

उत्तर:

ब्रिटिश अधिकारी: हमने भारत में रेल, डाक और टेलीग्राफ जैसी सुविधाएँ विकसित की हैं।

दादाभाई नौरोजी: लेकिन इनका लाभ मुख्य रूप से ब्रिटिश शासन को मिला है। भारत की संपत्ति लगातार ब्रिटेन भेजी जा रही है।

ब्रिटिश अधिकारी: हमने आधुनिक शिक्षा भी शुरू की है।

दादाभाई नौरोजी: शिक्षा अच्छी बात है, लेकिन भारत की आर्थिक स्थिति लगातार कमजोर हो रही है।

ब्रिटिश अधिकारी: हमारा शासन भारत के विकास के लिए है।

दादाभाई नौरोजी: यदि ऐसा है, तो भारत से धन का निकास क्यों हो रहा है? भारतीयों को अपने संसाधनों पर अधिकार मिलना चाहिए।

प्रश्न 10. औपनिवेशिक काल में अपने राज्य या क्षेत्र के किसी स्थानीय प्रतिरोध आंदोलन (जनजातीय, कृषक या रियासती) का अन्वेषण कीजिए। एक विवरण या पोस्टर तैयार कीजिए, जिसमें निम्नलिखित बिंदु सम्मिलित हों—

उत्तर: (उदाहरण — संथाल विद्रोह, 1855–56)

विशिष्ट कारण: संथालों की भूमि पर साहूकारों और जमींदारों का कब्ज़ा बढ़ रहा था तथा उनका आर्थिक शोषण हो रहा था।

नेतृत्व: सिद्धू मुर्मू और कान्हू मुर्मू।

प्रमुख माँगें:

  • भूमि पर अधिकार की रक्षा।
  • शोषण और अत्याचार का अंत।
  • अन्यायपूर्ण करों को समाप्त करना।

ब्रिटिश शासन की प्रतिक्रिया: ब्रिटिश सरकार ने सेना भेजकर विद्रोह को बलपूर्वक दबा दिया।

आज स्मरण: सिद्धू-कान्हू की स्मृति में स्मारक बनाए गए हैं। जनजातीय समाज उन्हें वीर नायकों के रूप में याद करता है तथा विभिन्न कार्यक्रमों और उत्सवों में श्रद्धांजलि दी जाती है।

आइए विचार करें, आइए पता लगाएँ और इसे अनदेखा न करें

प्रश्न 1. “ब्रिटिश साम्राज्य पर सूर्य कभी अस्त नहीं होता” का क्या अर्थ है?

उत्तर: इसका अर्थ है कि ब्रिटिश साम्राज्य इतना विशाल था कि उसके किसी न किसी भाग में हर समय सूर्य चमकता रहता था। ब्रिटेन के उपनिवेश विश्व के अनेक भागों में फैले हुए थे।

प्रश्न 2. क्या “ब्रिटिश साम्राज्य पर सूर्य कभी अस्त नहीं होता” कथन उचित था?

उत्तर: यह कथन ब्रिटिश साम्राज्य की विशालता को दर्शाता था, लेकिन इसके पीछे उपनिवेशों का शोषण और दमन भी छिपा था। इसलिए इसे केवल गौरव का प्रतीक नहीं माना जा सकता।

प्रश्न 3. भारतीय संदर्भ में रियासती राज्य (Princely State) क्या था?

उत्तर: रियासती राज्य वह क्षेत्र था जहाँ किसी भारतीय राजा, महाराजा या नवाब का शासन था, लेकिन उसने ब्रिटिश संरक्षण स्वीकार कर लिया था और सीमित स्वायत्तता बनाए रखी थी।

प्रश्न 4. ब्रिटिश भारतीय साम्राज्य के मानचित्र में लाल, गुलाबी, पीले रंग और काली रेखाएं क्या दर्शाते थे?

उत्तर: लाल और गुलाबी रंग वाले क्षेत्र सीधे ब्रिटिश प्रशासन के अधीन थे। पीले रंग के क्षेत्र रियासती राज्यों को दर्शाते थे, जहाँ भारतीय शासक शासन करते थे लेकिन वे ब्रिटिश प्रभाव में थे। काली रेखाएँ रेलमार्गों को दर्शाती थीं।

प्रश्न 5. वर्तमान भारत और 1909 के ब्रिटिश भारतीय साम्राज्य के मानचित्र में क्या अंतर था?

उत्तर: 1909 के मानचित्र में वर्तमान भारत के अतिरिक्त पाकिस्तान, बांग्लादेश और कई रियासती राज्य भी शामिल थे। आज भारत एक स्वतंत्र और एकीकृत राष्ट्र है।

प्रश्न 6. ‘फूट डालो और राज करो’ नीति क्या थी? ब्रिटिशों ने इस नीति का उपयोग कैसे किया?

उत्तर: यह ब्रिटिश नीति थी जिसमें भारतीय शासकों, राज्यों और समुदायों के बीच मतभेद बढ़ाकर उन पर शासन किया जाता था। उन्होंने भारतीय शासकों के बीच प्रतिस्पर्धा और उत्तराधिकार विवादों का लाभ उठाकर अपनी शक्ति बढ़ाई।

प्रश्न 7. ब्रिटिश शासन से पहले भारत में शिक्षा की कौन-कौन सी व्यवस्थाएँ थीं?

उत्तर: पाठशालाएँ, मदरसे, विहार और गुरु-शिष्य परंपरा जैसी विभिन्न शिक्षण व्यवस्थाएँ थीं।

प्रश्न 8. मैकॉले का शिक्षा संबंधी दृष्टिकोण क्या था? इससे भारतीय शिक्षा व्यवस्था पर क्या प्रभाव पड़ा?

उत्तर: मैकॉले अंग्रेजी शिक्षा को बढ़ावा देना चाहता था और भारतीयों को पश्चिमी विचारों के अनुसार शिक्षित करना चाहता था। इससे पारंपरिक शिक्षा संस्थाएँ कमजोर हुईं और अंग्रेजी माध्यम की शिक्षा को अधिक महत्व दिया गया।

प्रश्न 9. बंगाल के अकाल के समय ब्रिटिश सरकार का रवैया कैसा था?

उत्तर: अकाल के समय भी ब्रिटिश सरकार ने कर वसूली जारी रखी और कई स्थानों पर कर बढ़ा दिए, जिससे जनता की स्थिति और खराब हो गई।

प्रश्न 10. ब्रिटिश कर नीति को क्रूर क्यों माना गया?

उत्तर: क्योंकि अकाल और कठिन परिस्थितियों में भी किसानों से भारी कर वसूले जाते थे।

प्रश्न 11. भारत में प्रारंभिक जनजातीय विद्रोहों में से दो प्रमुख विद्रोह कौन-से थे?

उत्तर: कोल विद्रोह (1831–32) और संथाल विद्रोह (1855–56)। संथाल विद्रोह का नेतृत्व सिद्धू मुर्मू और कान्हू मुर्मू ने किया था।

प्रश्न 12. कोल विद्रोह का मुख्य कारण क्या था?

उत्तर: ब्रिटिश भूमि नीतियों के कारण स्थानीय जनजातियों के अधिकारों की उपेक्षा और बाहरी लोगों को लाभ पहुँचाना।

प्रश्न 13. ब्रिटिश शासन भारतीय जीवन को किस प्रकार बदलना चाहता था?

उत्तर: ब्रिटिश शासक भारत को अपने विचारों और व्यवस्था के अनुसार ढालना चाहते थे।

अन्य महत्वपूर्ण प्रश्न

प्रश्न 1. उपनिवेशवाद क्या है?

उत्तर: जब कोई शक्तिशाली देश किसी दूसरे देश या क्षेत्र पर अधिकार करके वहाँ अपना शासन, अर्थव्यवस्था और संस्कृति लागू करता है, तो उसे उपनिवेशवाद कहते हैं।

प्रश्न 2. यूरोपीय शक्तियाँ भारत क्यों आईं?

उत्तर: भारत की समृद्धि, मसालों का व्यापार, कपड़ा उद्योग, प्राकृतिक संसाधन और बड़े बाजार ने यूरोपीय देशों को आकर्षित किया।

प्रश्न 3. औपनिवेशिक काल से पहले भारत की आर्थिक स्थिति कैसी थी?

उत्तर: भारत विश्व की सबसे समृद्ध अर्थव्यवस्थाओं में से एक था और विश्व के कुल उत्पादन में उसका बड़ा योगदान था।

प्रश्न 4. वास्को-डी-गामा भारत कब पहुँचा?

उत्तर: वास्को-डी-गामा 1498 ई. में कालीकट (केरल) पहुँचा।

प्रश्न 5. भारत में सबसे पहले कौन-सी यूरोपीय शक्ति आई? उनका मुख्य उद्देश्य क्या था?

उत्तर: पुर्तगाली सबसे पहले भारत आए। उनका मुख्य उद्देश्य व्यापार पर नियंत्रण स्थापित करना और अपने धार्मिक प्रभाव का विस्तार करना था।

प्रश्न 6. कार्टेज प्रणाली क्या थी?

उत्तर: यह पुर्तगालियों द्वारा लागू की गई अनुमति-पत्र व्यवस्था थी, जिसके बिना कोई जहाज समुद्र में व्यापार नहीं कर सकता था।

प्रश्न 7. रानी अब्बक्का कौन थीं?

उत्तर: रानी अब्बक्का दक्षिण भारत की वीर शासिका थीं जिन्होंने पुर्तगालियों के आक्रमणों का बहादुरी से मुकाबला किया।

प्रश्न 8. डचों का मुख्य उद्देश्य क्या था?

उत्तर: डच 17वीं शताब्दी के प्रारंभ में भारत आए। डचों का मुख्य उद्देश्य मसालों के व्यापार पर नियंत्रण स्थापित करना था।

प्रश्न 9. कोलाचल का युद्ध क्यों प्रसिद्ध है?

उत्तर: 1741 में इस युद्ध में त्रावणकोर के राजा मार्तण्ड वर्मा ने डच सेना को हराया था।

प्रश्न 10. फ्रांसीसी भारत में कब आए?

उत्तर: फ्रांसीसी 17वीं शताब्दी में भारत आए और उन्होंने पांडिचेरी को अपना प्रमुख केंद्र बनाया।

प्रश्न 11. ईस्ट India कंपनी भारत में क्यों आई थी?

उत्तर: प्रारम्भ में भारत से व्यापार करने के लिए ईस्ट इंडिया कंपनी भारत में आई थी।

प्रश्न 12. प्लासी का युद्ध कब और किसके बीच हुआ?

उत्तर: प्लासी का युद्ध 1757 में बंगाल के नवाब सिराजुद्दौला और ईस्ट इंडिया कंपनी के बीच हुआ। मीर जाफर के विश्वासघात के कारण प्लासी के युद्ध में अंग्रेजों की जीत हुई।

प्रश्न 13. 'फूट डालो और राज करो' नीति क्या थी?

उत्तर: भारतीय शासकों और समुदायों के बीच मतभेद बढ़ाकर उन पर शासन करने की अंग्रेजों की नीति ही फूट डालो और राज करो की नीति थी।

प्रश्न 14. हड़प नीति (Doctrine of Lapse) क्या थी?

उत्तर: यदि किसी राजा का कोई प्राकृतिक उत्तराधिकारी नहीं होता था, तो उसका राज्य अंग्रेज अपने अधीन कर लेते थे।

प्रश्न 15. सहायक संधि (Subsidiary Alliance) क्या थी?

उत्तर: ऐसी व्यवस्था जिसमें भारतीय शासक ब्रिटिश सेना रखते थे और विदेश नीति पर उनका नियंत्रण नहीं रहता था।

प्रश्न 16. बंगाल अकाल का मुख्य कारण क्या था?

उत्तर: बंगाल का पहला बड़ा अकाल 1770-1772 के बीच पड़ा इसका मुख्य कारण फसल खराब होने के बावजूद अंग्रेजों द्वारा भारी कर वसूली थी।

प्रश्न 17. धन निकासी सिद्धांत क्या है?

उत्तर: भारत की संपत्ति को अंग्रेजों द्वारा ब्रिटेन ले जाने की प्रक्रिया को धन निकासी सिद्धांत (Drain of Wealth Theory) कहा गया। यह सिद्धांत दादाभाई नौरोजी ने दिया था।

प्रश्न 18. ब्रिटिश शासन का भारतीय उद्योगों पर क्या प्रभाव पड़ा?

उत्तर: ब्रिटिश वस्तुओं को बढ़ावा दिया गया जिससे भारतीय कपड़ा, लोहा, इस्पात और अन्य उद्योगों का पतन हो गया।

प्रश्न 19. मैकॉले की शिक्षा नीति का उद्देश्य क्या था?

उत्तर: मैकॉले का शिक्षा संबंधी प्रतिवेदन 1835 में आया। इसका उद्देश्य ऐसे भारतीय तैयार करना था जो सोच और व्यवहार में अंग्रेजों जैसे हों।

प्रश्न 20. औपनिवेशिक शासन का भारतीय समाज पर क्या प्रभाव पड़ा?

उत्तर: सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक जीवन में बड़े बदलाव आए तथा भारतीयों की स्वतंत्रता सीमित हो गई।

प्रश्न 21. भारत को ब्रिटिश साम्राज्य की 'मुकुटमणि' क्यों कहा जाता था?

उत्तर: क्योंकि भारत ब्रिटिश साम्राज्य का सबसे बड़ा और सबसे लाभदायक उपनिवेश था।

प्रश्न 22. 1857 के विद्रोह की पृष्ठभूमि तैयार करने वाले प्रमुख कारण क्या थे?

उत्तर: अंग्रेजों की हड़प नीति, आर्थिक शोषण, धार्मिक हस्तक्षेप और भारतीय सैनिको में असंतोष।

प्रश्न 23. ब्रिटिश शासन के दौरान भारत की विश्व अर्थव्यवस्था में भागीदारी पर क्या प्रभाव पड़ा?

उत्तर: ब्रिटेन की औद्योगिक क्रांति और आर्थिक विकास को बढ़ावा मिला। भारत की हिस्सेदारी लगातार घटती गई और स्वतंत्रता के समय लगभग 5% रह गई।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

Class 9 Ch 1 SST Part 2 ncert Solution - महासागर और जीवन

Class 6 sst Chapter 01 Question Answer New NCERT - पृथ्वी पर स्थानों की स्थिति